Chhath Puja 2026: कार्तिक शुक्ल पक्ष की षष्ठी को हिंदू धर्म में छठ पूजा का सबसे पवित्र दिन माना जाता है। आज 15 नवंबर, रविवार को निर्जला व्रत के बाद डूबते सूर्य को पहला संध्या अर्घ्य व्रतियों द्वारा दिया जाएगा। खरना के बाद व्रतियों का 36 घंटे का कठिन उपवास शुरू हुआ था।
छठी मईया के महापर्व पर सूर्य देवता को अर्घ्य देने के लिए कानपुर के सिद्धनाथ, गंगा बैराज और सरसैया घाटों समेत नहरों और तालाबों पर पूजन के लिए दोपहर से ही भीड़ उमड़नी शुरू हो गई थी।
संतान को दीर्घायु प्रदान करता है डूबते सूर्य को अर्घ्य
हिंदू पंचांग के अनुसार, सूर्यदेव को अर्घ्य देने का शुभ मुहूर्त सायं 5 बजे से शुरू होकर 5 बजकर 30 मिनट तक रहेगा। इस दौरान व्रती बांस के सूप में ठेकुआ, फल और गन्ना सजाकर सूर्य भगवान को अर्पित करने के उपरांत विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अपनी संतान की दीर्घायु, यश, कीर्ति और वैभव के लिए प्रार्थना करती है।
छठ पूजा संध्या काल में अर्घ्य देने वाला एकमात्र पर्व
मान्यता है कि छठ पूजा एकमात्र ऐसा पर्व है, जिसमें डूबते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा सदियों से चली आ रही है। 16 नवंबर, दिन सोमवार को उषा अर्घ्य के साथ छठी मैया के व्रत का समापन होगा। प्रातःकाल शुभ मुहूर्त में उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रती अन्न-जल ग्रहण कर व्रत का पारण करेंगी।
ये भी पढ़ेः Chhath Puja 2026: नहाय-खाय के साथ शुरू आस्था का महापर्व
