Bhai Dooj 2026: दिवाली के पांच दिवसीय पर्व का समापन भाई-बहन के अटूट प्रेम के बंधन के प्रतीक भाई दूज के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर बहनों ने अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर और मिठाई खिलाकर पर्व को धूमधाम से मनाया।
प्रेम, स्नेह और समर्पण को प्रदर्शित करने वाला यह पावन पर्व प्रत्येक वर्ष कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाया जाता है। इसे यम द्वितीया और भ्रातृ द्वितीया भी कहा जाता है।
यमराज और उनकी बहन यमुना की कथा पर आधारित है, भाईदूज पर्व
पौराणिक कथाओं के अनुसार, भाई दूज की कथा यमराज और उनकी बहन यमुना से जुड़ी है। कथा के अनुसार, यमुना ने भाई दूज के दिन अपने भाई यमराज को बुलाकर उनका आदर-सत्कार किया और माथे पर तिलक लगाकर उनकी दीर्घायु की कामना की। इससे प्रसन्न होकर यमराज ने वरदान दिया कि जो भी भाई इस दिन अपनी बहन से तिलक करवाएगा, उसे अकाल मृत्यु का भय नहीं रहेगा। तभी से हिंदू धर्म में भाई दूज धूमधाम से मनाया जाता है।
भाई-बहन के रिश्ते का पावन पर्व भाईदूज
एक अन्य कथा भगवान श्रीकृष्ण और उनकी बहन सुभद्रा से जुड़ी है। मान्यता है कि नरकासुर का वध करने के बाद जब श्रीकृष्ण अपनी बहन सुभद्रा से मिलने गए, तो सुभद्रा ने उनका तिलक कर स्वागत किया था। इस दिन बहनें भाई की लंबी उम्र की कामना करते हुए पूजा-अर्चना कर तिलक लगाती हैं और भाई अपनी बहन को उपहार भेंट करता है। आधुनिकता के इस दौर में भाई दूज का महत्व और भी बढ़ गया है। यह त्योहार व्यस्त जीवन में रिश्तों को बांधकर रखने और संजोने की प्रेरणा देता है। यह केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि भाई-बहन के रिश्ते में भाव जागृत करने वाला पर्व है।
ये भी पढ़ेः Kanpur: सीएसजेएमयू की विषम सेमेस्टर परीक्षाओं की तिथि घोषित
