Shardiya Navratri Garba 2026: नवरात्रि के पावन पर्व को हिंदू धर्म में विशेष महत्व दिया गया है। लेकिन दीवाली से पहले आने वाले शारदीय नवरात्रि का महत्व हिंदू धर्म और संस्कृति में दीवाली के आगमन की खुशी के कारण और भी बढ़ जाता है। माँ दुर्गा की भक्ति और लोक-संस्कृति का अनोखा संगम गरबा और डांडिया है, जिसकी धूम आज देश भर में चारों तरफ मची हुई है।
गुजराती परम्परा से शुरू होने वाला गरबा और डांडिया आज केवल लोकनृत्य नहीं, बल्कि धर्म, भक्ति, शक्ति, उपासना और आनंद का प्रतीक बन चुका है।शारदीय नवरात्रि के अवसर पर कानपुर शहर से लेकर भारत के कोने-कोने तक माँ शक्ति के पंडाल सजाए गए हैं।
गरबा में मटका ब्रह्मांड का प्रतीक और उसमें जलता दीया है माँ आदिशक्ति का प्रतीक
संस्कृत में गरबा का इतिहास ‘गर्भदीप’ शब्द से लिया गया है। गुजरात में महिलाएं नवरात्रि के दौरान एक छेद वाले मटके में दीपक जलाकर उसको बीच में रखकर उसके चारों ओर गोल-गोल घूमकर नृत्य करती हैं। इस मटके को ब्रह्मांड का प्रतीक और उसमें जलते दीये को माँ आदिशक्ति के गर्भ में पल रहे जीवन के प्रतीक के रूप में देखा जाता है।
मान्यता है कि गरबे की शुरुआत जगत स्वामी श्रीकृष्ण के समय से हुई थी। मान्यताओं के अनुसार श्रीकृष्ण गोपियों के संग रासलीला करते थे। उसी समय से गोल घेरे में नाचने की परंपरा शुरू हुई। दूसरी परम्परा के अनुसार यह भी माना जाता है कि देवी दुर्गा ने महिषासुर का वध करने से पहले स्वयं को शक्तिशाली बनाने के लिए गरबा किया था।
डांडिया नृत्य को ऊर्जा और मनोरंजन के संगम
जिसके कारण आज के दौर में भी गरबा नृत्य को शक्ति की आराधना के रूप में देखा जाता है।गरबा और डांडिया में लोग अंतर नहीं समझ पाते हैं, जबकि गरबा और डांडिया में काफी अंतर देखा जा सकता है। गरबा में लोग बिना डंडे के ताली बजाकर एक साथ घूमते हुए प्रभावशाली तरीके से सरल, सौम्य और लयबद्ध नृत्य करते हैं।जबकि डांडिया नृत्य को ऊर्जा और मनोरंजन के संगम से परिपूर्ण माना जाता है और इसे राधारानी और श्रीकृष्ण की लीलाओं से जोड़कर देखा जाता है।

यह डंडियों की सहायता से किया जाने वाला नृत्य है।आज के दौर में डांडिया और गरबा दोनों एक साथ ही किए जाते हैं। गरबा कई रूपों में प्रचलित है, इसमें घेरे में बैठकर किया जाने वाला सिटिंग गरबा, खड़े होकर बड़े घेरे में घूमकर किया जाने वाला स्टैंडिंग गरबा, जमीन पर लोहे की छड़ को मारते हुए किया जाने वाला टिप्पणी गरबा और झूले के चारों ओर किया जाने वाला हिन्डो गरबा शामिल है।
हिंदू धर्म में गरबा मनोरंजन के अलावा आध्यात्मिक दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण है। जिसमें केंद्र में मिट्टी के घड़े में रखे दीपक के चारों ओर घूमना माँ दुर्गा के प्रति भक्ति भाव को दर्शाता है। जबकि गोल घेरा इस बात का संकेत देता है कि जीवन आदि और अंत से परे है। गरबा और डांडिया में एक ही तरह की पोशाक धारण किए नाचते हुए लोग इस बात का संकेत देते हैं कि सभी एक समान हैं, जो सामाजिक एकता का परिचायक है।
वैज्ञानिक दृष्टि से शरीर को स्वस्थ रखता है, गरबा
वैज्ञानिक दृष्टि से देखा जाए तो पूरे शरीर का मूवमेंट होता है, शरीर के भीतर का मुख्य अंग हृदय के अलावा हाथ-पैर और अन्य अंग क्रियाशील होते हैं जिससे रक्त संचार तीव्र गति से होता है और शरीर में स्फूर्ति बनी रहती है।गरबे के लिए पारंपरिक वेशभूषागरबा की पारंपरिक वेशभूषा भी विशेष महत्व दर्शाती है। इसमें महिलाओं द्वारा धारण की जाने वाली पोशाक शीशे और मोतियों से तैयार की गई चनिया-चोली होती है, जिसके साथ भारी ज्वेलरी, बिंदी, कंगन, झुमके का प्रचलन सदियों पुराना है। जबकि पुरुषों के लिए धोती-कुर्ता और शारदीय नवरात्रि को देखते हुए थोड़े सर्द मौसम को ध्यान में रखते हुए कढ़ाईदार जैकेट भी पहनी जा सकती है।
कानपुर में जगह-जगह गरबा और डांडिया का आयोजन
शारदीय नवरात्रि 2026 के अवसर पर कानपुर का नजारा देखने लायक था। 11 अक्टूबर से शुरू हुई नवरात्रि में गरबा और डांडिया रास का शहर भर में आयोजन किया जा रहा है। इनमें आज 18 अक्टूबर दिन रविवार को सबसे अधिक गरबा और डांडिया के कार्यक्रम आयोजित हुए। फूलबाग पैलेस, मॉल रोड, लाजपत भवन, मोतीझील के अलावा गैंजेस क्लब और आर्य नगर में भी डांडिया और गरबा कार्यक्रमों में शहरवासियों की खूब भीड़ देखने को मिली, जिसमें महिलाएं रंग-बिरंगी पोशाकों में सज-संवर कर डांडिया और गरबा कार्यक्रमों में भाग लेती दिखाई दीं।
गरबा और डांडिया में माँ आदिशक्ति के प्रति आस्था के साथ कानपुर, लखनऊ, दिल्ली जैसे शहरों में भी बड़े-बड़े गरबा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। अंत में, गरबा सिर्फ दो हाथ-पैर हिलाने का नाम नहीं है। यह माँ आदिशक्ति के प्रति आस्था और जीवन को जश्न की तरह जीने की कला है। ढोल की थाप, माँ के भजन और रोशनी में रंग-बिरंगी पोशाकों को धारण किए घूमता घेरा ऐसा प्रतीत होता है, मानो पूरी सृष्टि माँ की भक्ति में झूम रही हो।
……….
