Sardar Vallabhbhai Patel Jayanti 2026: लौह पुरुष के नाम से प्रसिद्ध सरदार वल्लभभाई पटेल एक युग के प्रतीक के रूप में भारत में प्रख्यात हैं। उनके इरादे लोहे की तरह मजबूत होने के कारण उन्हें लौह पुरुष के रूप में पहचाना गया। 31 अक्टूबर 1875 को गुजरात के नडियाद में एक साधारण किसान परिवार में जन्में सरदार वल्लभभाई पटेल बचपन से ही पढ़ने-लिखने के बहुत शौकीन थे। लेकिन अन्याय के खिलाफ विद्रोही प्रवृत्ति और निडरता का भाव उनके स्वभाव में शामिल था। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने गोधरा से वकालत शुरू की।
एक प्रसिद्ध वकील के रूप में मशहूर हुए वल्लभ भाई पटेल का जीवन पूरी तरह विदेशी शैली में ढला हुआ था। बैरिस्टर की डिग्री लेने के लिए वे इंग्लैंड गए और वहां से लौटने के बाद उन्होंने अहमदाबाद में वकालत शुरू की।
1917 में गांधी जी से हुई पहली मुलाकात
1917 में सरदार वल्लभभाई पटेल की महात्मा गांधी जी से पहली मुलाकात हुई। इस मुलाकात ने उनका जीवन पूरी तरह बदल दिया। उन्होंने अपनी विदेशी जीवन शैली को छोड़ दिया, खादी को अपना लिया और स्वतंत्रता आंदोलन में गांधी जी के साथ खड़े हो गए। 1918 में जब फसल खराब होने के बावजूद अंग्रेज सरकार किसानों से पूरा लगान वसूल रही थी, तब सरदार पटेल ने इस नीति का विरोध किया और किसानों का साथ दिया। अंत में सरकार को लगान वसूली पर रोक लगानी पड़ी। यह उनका पहला बड़ा आंदोलन था।
बारडोली सत्याग्रह में मिला राष्ट्रीय नायक का खिताब
1928 के बारडोली सत्याग्रह ने उन्हें राष्ट्रीय नायक बना दिया। इस आंदोलन में उन्होंने किसानों का नेतृत्व करते हुए किसानों से कहा कि लगान के नाम पर अंग्रेज सरकार को एक भी रुपया मत दो। उनकी इस दृढ़ता के कारण सरकार को झुकना पड़ा। इसी आंदोलन के बाद वहां की महिलाओं ने उन्हें ‘सरदार’ की उपाधि दी।
15 अगस्त 1947 को जब देश आजाद हुआ, तब भारत 562 छोटी-बड़ी रियासतों में बंटा हुआ था। ऐसे में देश के टुकड़ों में बंटने का खतरा था। इस कठिन समय में सरदार वल्लभभाई पटेल भारत के पहले गृह मंत्री और उप-प्रधानमंत्री बने।उन्होंने अपनी कूटनीति, समझ और जरूरत पड़ने पर सख्ती का इस्तेमाल करते हुए देश की अधिकतर रियासतों को भारत में मिला लिया। जूनागढ़ और हैदराबाद जैसी रियासतें जो भारत में नहीं मिलना चाहती थीं, उन्हें भी भारत का हिस्सा बना मिसाल स्थापित की।
हैदराबाद विलय के बाद भारत के बिस्मार्क बने
हैदराबाद रियासत को भारत में मिलाने के लिए उन्हें ‘ऑपरेशन पोलो’ नाम से सैनिक कार्रवाई करनी पड़ी। इस महान कार्य के बाद उन्हें ‘भारत के बिस्मार्क’ के नाम से पहचाना जाने लगा। अगर सरदार पटेल न होते तो आज भारत कई टुकड़ों में बंटा होता।वे केवल एक नेता ही नहीं, बल्कि एक कुशल प्रशासक भी थे।
उन्होंने देश को ‘स्टील फ्रेम’ देते हुए IAS और IPS की नींव रखी। उनका मानना था कि एक मजबूत देश के लिए मजबूत और ईमानदार प्रशासन बहुत जरूरी है।उनका व्यक्तित्व सादगी से भरा था। वे बहुत कम बोलते थे, लेकिन जो भी बोलते थे वह पत्थर की लकीर होता था। वे अनुशासन के बहुत पक्के थे और गांधी जी को अपना गुरु मानते थे।
जवाहरलाल नेहरू जी से मतभेद होने के बावजूद वे देशहित में हमेशा एकजुट रहे।युवाओं के लिए प्रेरणा15 दिसंबर 1950 को देश की इस महान शख्सियत ने दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके मरणोपरांत 1991 में उन्हें ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किया गया। सरदार पटेल आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा हैं और यह सिद्ध करते हैं कि दृढ़ संकल्प से कठिन से कठिन परिस्थितियों को भी पार किया जा सकता है।सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के इस खास अवसर पर देश के प्रधानमंत्री माननीय नरेंद्र मोदी ने गुजरात में नर्मदा नदी के किनारे बनी 182 मीटर ऊंची दुनिया की सबसे ऊंची मूर्ति ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
ये भी पढ़ेः सर्दियों में बादम खायें रहें स्वस्थ

2 Comments
Pingback: Kanpur: सीएसजेएमयू में 'वेलनेस लॉरेट्स 2026 का आयोजन - anantpratigyakhabar.com
Pingback: Kanpur: सीएसजेएमयू में 'वेलनेस कॉन 2026 का आयोजन - anantpratigyakhabar.com