Kanpur: जुहारी देवी पीजी कॉलेज में मंगलवार को एनएसएस की ओर से साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी से बचाव से संबंधित सुझाव दिए गए।अनजान लिंक, फर्जी नंबर से आने वाली कॉल पर अपने फोन पर आए ओटीपी साझा करने की भूल आपके बड़े आर्थिक नुकसान की वजह बन सकती है।
आज के दौर में सभी कार्य ऑनलाइन माध्यम से किए जा रहे हैं। ऐसी स्थिति में साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे को देखते हुए राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की ओर से महाविद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।इस एक दिवसीय शिविर में साइबर सिक्योरिटी सेल, कानपुर नगर के सब इंस्पेक्टर अरुण आनंद और रिचा तिवारी ने छात्राओं को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क किया।
ऑनलाइन ठगी में नए-नए तरीके अपना रहे हैं साइबर ठग
साइबर एक्सपर्ट्स ने बताया कि आज के समय में साइबर ठग नए-नए तरीके अपना रहे हैं। कभी बैंक अधिकारी बनकर केवाईसी अपडेट करने के नाम पर, तो कभी लॉटरी या इनाम का लालच देकर लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं। उन्होंने छात्राओं को समझाया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंकिंग पासवर्ड, एटीएम पिन और व्यक्तिगत जानकारी कभी भी साझा नहीं करनी चाहिए।
अधिकारियों ने कहा कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय भी गोपनीयता और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखना जरूरी है। अपनी प्रोफाइल को लॉक रखना, अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करना और किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करना ही सबसे बड़ा बचाव है। साइबर सेल ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो उसे घबराने की बजाय तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करनी चाहिए।
साइबर क्राइम पोर्टल पर करें शिकायत दर्ज
इसके साथ ही cybercrime.gov.in पोर्टल पर भी ऑनलाइन शिकायत दर्ज की जा सकती है। कार्यक्रम के दौरान हेड कांस्टेबल सरोज ने भी छात्राओं को जागरूक किया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रागिनी कुमारी के निर्देशन में हुए इस आयोजन में महाविद्यालय की शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ेः Health & Lifestyle: त्वचा के लिए 7 फ्रूट्स, ड्राई फ्रूट्स हैं वरदान
